पटना : मोकामा के विधायक अनंत सिंह गुरुवार देर रात एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार, उनका काफिला फोरलेन पर लौट रहा था, तभी अचानक एक वाहन के ट्रक से टकराने के बाद पीछे चल रही चार गाड़ियां आपस में भिड़ गईं। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई घायल नहीं हुआ और अनंत सिंह पूरी तरह सुरक्षित हैं।


बताया गया कि विधायक बादपुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे और देर रात पटना लौट रहे थे। काफिले में सबसे आगे उनकी कार चल रही थी। अथमलगोला थाना क्षेत्र के सबनिमा पेट्रोल पंप के पास पीछे चल रही एक तेज रफ्तार गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई, जिसके बाद अचानक ब्रेक लगाने से चार वाहन आपस में भिड़ गए।
हादसे के बाद अनंत सिंह मौके पर रुके और साथ चल रहे लोगों का हालचाल लिया। पुलिस के अनुसार चार वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं, लेकिन किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। विधायक की गाड़ी दुर्घटना की चपेट में नहीं आई और सड़क पर यातायात भी सामान्य रहा।

