सरायकेला: जमशेदपुर के तत्कालीन सांसद Sunil Mahato की हत्या के चर्चित मामले में आरोपी और 10 लाख रुपये की इनामी महिला माओवादी Shakuntala Mahato ने आखिरकार आत्मसमर्पण कर दिया है। करीब 25 वर्षों तक सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बनी रही शकुंतला महतो उर्फ पुष्पा ने कोलकाता के लालबाजार पुलिस मुख्यालय में हथियारों के साथ सरेंडर किया।


शकुंतला महतो लंबे समय से माओवादी गतिविधियों में सक्रिय रही थी और उसके खिलाफ कई गंभीर मामलों में तलाश जारी थी। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
यह मामला 4 मार्च 2007 को घाटशिला के बाघुड़िया फुटबॉल मैदान में हुए हमले से जुड़ा है, जिसमें तत्कालीन सांसद सुनील महतो समेत चार लोगों की हत्या कर दी गई थी। यह घटना झारखंड के चर्चित नक्सली हमलों में से एक मानी जाती है। जांच एजेंसियों के अनुसार, इस हमले में शकुंतला महतो की सक्रिय भूमिका रही थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आत्मसमर्पण के बाद उससे विभिन्न मामलों में पूछताछ की जाएगी। सुरक्षा एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास करेंगी कि उसके पास संगठन और उसके नेटवर्क से जुड़ी कौन-कौन सी महत्वपूर्ण जानकारियां हैं।
शकुंतला महतो के सरेंडर को सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इससे माओवादी नेटवर्क से जुड़े कई पुराने मामलों की जांच में भी मदद मिल सकती है।

