झारखंड के 8,500 से अधिक शिक्षकों और कर्मियों को मिलेगा 5 लाख रुपये का बीमा कवर

Spread the love

रांची: झारखंड सरकार शिक्षा विभाग से जुड़े हजारों शिक्षकों एवं शैक्षणिक संसाधन कर्मियों को सामाजिक सुरक्षा का बड़ा लाभ देने की तैयारी में है। राज्य सरकार 8,525 से अधिक शिक्षकों और कर्मचारियों को 5 लाख रुपये के जीवन बीमा कवर से जोड़ने की योजना पर काम कर रही है। इस पहल का लाभ कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, बीआरपी, सीआरपी तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों में कार्यरत कर्मियों को मिलेगा।

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की प्रस्तावित योजना का संचालन भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के माध्यम से किया जाएगा। योजना को लागू करने के लिए सभी जिलों को संबंधित शिक्षकों और कर्मियों की सहमति प्राप्त कर 25 जून तक प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया है। विभाग का मानना है कि इससे संविदा और मानदेय आधारित कर्मियों को आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार मिलेगा।

योजना के तहत लाभार्थी शिक्षकों और कर्मियों के वेतन अथवा मानदेय से प्रतिमाह 500 रुपये का अंशदान लिया जाएगा। सेवा अवधि के दौरान किसी शिक्षक या कर्मी की मृत्यु होने पर उनके आश्रितों को 5 लाख रुपये की बीमा राशि प्रदान की जाएगी। वहीं सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को जमा की गई पूरी राशि ब्याज सहित वापस मिलेगी। इस पर लगभग 7.50 प्रतिशत वार्षिक प्रतिफल मिलने की संभावना जताई गई है।

विभागीय आंकड़ों के अनुसार राज्य के 203 कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों और 57 झारखंड बालिका आवासीय विद्यालयों में कार्यरत 5,075 शिक्षकों एवं कर्मियों सहित हजारों शैक्षणिक संसाधन कर्मियों को इस योजना का लाभ मिलेगा। इससे हजारों परिवारों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा का नया आधार प्राप्त होगा।