मानसून की पहली बारिश में खुली नगर निगम की पोल, निर्मल नगर में जलजमाव से लोग परेशान

Spread the love

आदित्यपुर: मानसून की शुरुआती बारिश ने आदित्यपुर नगर निगम की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी है। वार्ड संख्या-15 के निर्मल नगर क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हल्की बारिश में ही सड़कों और घरों में पानी भरने लगा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वर्षों से नाला निर्माण का कार्य लंबित पड़ा हुआ है, जिसके कारण हर वर्ष बरसात के मौसम में उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार बारिश शुरू होते ही नालियों का गंदा पानी घरों में घुस जाता है। कई घरों की रसोई, कमरे और आंगन जलमग्न हो रहे हैं, जिससे घरेलू सामानों को नुकसान पहुंच रहा है। लोगों का कहना है कि लगातार पानी भरने से फ्रिज, बेड, सोफा सहित अन्य जरूरी सामान खराब हो रहे हैं।

क्षेत्रवासियों ने बताया कि गंदे पानी के जमाव से पूरे इलाके में दुर्गंध फैल रही है। साथ ही मच्छरों की संख्या में भी तेजी से वृद्धि हुई है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इसका सबसे अधिक असर बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि समस्या को लेकर कई बार नगर निगम अधिकारियों को लिखित और मौखिक शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। उनका कहना है कि नाला निर्माण की योजना वर्षों से सिर्फ कागजों तक सीमित है।

क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से अविलंब नाला निर्माण कार्य शुरू करने और स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही बरसात के दौरान अस्थायी जल निकासी की व्यवस्था करने की भी मांग उठाई है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।