मुंबई की पहली बारिश में खुली तैयारियों की पोल, निरीक्षण के दौरान खुले मैनहोल में गिरा सफाईकर्मी

Spread the love

मुंबई: मुंबई में मानसून की पहली भारी बारिश के साथ ही नगर निगम की तैयारियों पर सवाल खड़े हो गए हैं। बुधवार को जलजमाव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण करने पहुंची महापौर ऋतु तावड़े के सामने एक सफाईकर्मी खुले मैनहोल में गिर गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर बहस छिड़ गई है।

लगातार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। हालात का जायजा लेने के लिए महापौर और नगर निगम के अधिकारी विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर रहे थे। इसी दौरान अधिकारियों, मीडिया कर्मियों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में एक व्यक्ति अचानक खुले मैनहोल में गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे बाहर निकाला।

बाद में पता चला कि मैनहोल में गिरने वाला व्यक्ति बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) का सफाईकर्मी था, जो जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के कार्य में जुटा हुआ था।

मुंबई में इस बार मानसून निर्धारित समय से करीब दो सप्ताह की देरी से पहुंचा है। हालांकि पहली ही तेज बारिश ने शहर की व्यवस्थाओं की परीक्षा ले ली। कई इलाकों में जलभराव, यातायात बाधित होने और दीवार गिरने जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं।

सफाईकर्मी के खुले मैनहोल में गिरने की घटना के बाद लोगों ने नगर निगम के दावों पर सवाल उठाए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि बारिश के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, मैनहोल की सुरक्षा और ड्रेनेज सिस्टम की नियमित निगरानी बेहद आवश्यक है ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।