सिनी प्रशिक्षण संस्थान में 490 रेलकर्मियों को आपदा प्रबंधन का दिया गया विशेष प्रशिक्षण

Spread the love

जमशेदपुर: आपदा की स्थिति में रेलकर्मियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए तैयार करने के उद्देश्य से सिनी स्थित जोनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के इंस्पेक्टर एवं अध्यक्ष मानद सदस्य संतोष कुमार ने अतिथि व्याख्याता के रूप में भाग लिया। प्रशिक्षण में ईस्ट कोस्ट रेलवे, दक्षिण पूर्व रेलवे तथा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कुल 490 रेलकर्मियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा के साथ हुई। इस दौरान संस्थान के प्राचार्य, उप प्राचार्य, मुख्य प्रशिक्षक सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। संतोष कुमार ने डिजिटल प्रस्तुति के माध्यम से आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान अग्निशमन, दुर्घटना के बाद गोल्डन ऑवर में किए जाने वाले कार्य, एंबुलेंस सेवा, ट्रायेज सिस्टम, प्राथमिक उपचार, ड्रेसर की भूमिका, सीपीआर (CPR), सांप एवं कुत्ते के काटने पर बचाव उपायों सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक जानकारी दी गई।

ऑडिटोरियम में बड़ी संख्या में रेलकर्मियों की उपस्थिति को देखते हुए प्रशिक्षण सत्र दो पालियों में आयोजित किया गया। इसमें रिफ्रेशर स्टेशन मैनेजर, ट्रेन मैनेजर, सहायक लोको पायलट, प्वाइंट्समैन तथा पैसेंजर ट्रेन मैनेजर सहित विभिन्न श्रेणी के रेलकर्मी शामिल हुए।

प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण की सरल, रोचक और व्यावहारिक शैली की सराहना करते हुए इसे अपने कार्यक्षेत्र के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। कार्यक्रम के अंत में संस्थान के मुख्य प्रशिक्षक ने धन्यवाद ज्ञापन किया।