महुआडांड़ में एसडीओ सुलेमान मुंडरी ने बच्चों को पिलाई पोलियो की खुराक, बोले- ‘एक भी बच्चा न छूटे’

Spread the love

महुआडांड़: राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को महुआडांड़ में पोलियो उन्मूलन अभियान की शुरुआत उत्साह के साथ हुई। अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सुलेमान मुंडरी स्वयं परहाटोली पंचायत के कुरो आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे और बच्चों को अपने हाथों से पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर एसडीओ सुलेमान मुंडरी ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी को पूरी तरह समाप्त करने के लिए समाज के हर व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों के साथ-साथ आसपास के बच्चों को भी पोलियो बूथ तक लाने में सहयोग करें, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक खुराक से वंचित न रहे।

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के दौरान महुआडांड़ प्रखंड के सभी पोलियो बूथों पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें, एएनएम, आंगनबाड़ी सेविकाएं और सहिया दीदियां पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहीं। बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।

ग्रामीणों ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और बड़ी संख्या में अपने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए बूथों पर पहुंचे। एसडीओ की सक्रिय भागीदारी और जागरूकता संदेश का सकारात्मक असर देखने को मिला। प्रशासन ने उम्मीद जताई कि जनसहयोग से इस बार भी महुआडांड़ में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाएगा और क्षेत्र को पोलियो मुक्त बनाए रखने का अभियान सफल रहेगा।