महुआडांड़ में भाईचारे के साथ मनाया गया मोहर्रम, विधायक बोले- इमाम हुसैन की शहादत पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा

Spread the love

महुआडांड़: महुआडांड़ में शनिवार को मोहर्रम का पर्व पूरी अकीदत, उत्साह और सांप्रदायिक सौहार्द के साथ मनाया गया। मोहर्रम इंतजामिया कमेटी के जनरल खलीफा तनवीर अहमद और नायब खलीफा सद्दाम आलम के नेतृत्व में पारंपरिक जुलूस निकाला गया। जुलूस जरहाटोली से शुरू होकर गुरगुरटोली, अम्बवाटोली, डीपाटोली और शास्त्री चौक होते हुए बस स्टैंड पहुंचा, जहां मोहर्रम सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

शास्त्री चौक पर खलीफा तनवीर अहमद और नायब खलीफा सद्दाम आलम की पगड़ीपोशी की गई। इसके बाद बस स्टैंड में विभिन्न गांवों से आए खिलाड़ियों ने तलवार, भाला, फरसा, बाना और डंडों के साथ हैरतअंगेज करतब दिखाए। “या हुसैन” के नारों के बीच दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक रामचंद्र सिंह शामिल हुए। उन्होंने कहा कि इमाम हुसैन और उनके 72 साथियों का बलिदान अन्याय के खिलाफ संघर्ष और सत्य की रक्षा का प्रतीक है। उनकी शहादत आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है। उन्होंने मोहर्रम को आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला पर्व बताया।

इस अवसर पर एसडीओ सुलेमान मुंडरी, डीएसपी पूजा कुमारी, बीडीओ संतोष कुमार बैठा, थाना प्रभारी मनोज कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मोहर्रम कमेटी ने शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग के लिए प्रशासन, पुलिस बल और मेडिकल टीम का आभार व्यक्त किया।