रामलला के चढ़ावे में कथित चोरी पर झारखंड कांग्रेस का BJP पर हमला, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

Spread the love

रांची: अयोध्या स्थित राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए चढ़ावे में कथित चोरी के मामले को लेकर झारखंड कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि यह मामला केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि वर्षों से भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।

राकेश सिन्हा ने आरोप लगाया कि भाजपा ने हर चुनाव में “जय श्रीराम” के नारे को राजनीतिक हथियार बनाया, लेकिन जब रामलला के चरणों में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए चढ़ावे की सुरक्षा की बात आई, तब उसकी कथित रामभक्ति दिखाई नहीं दी। उन्होंने कहा कि यदि भगवान के मंदिर का चढ़ावा भी सुरक्षित नहीं है, तो भाजपा किस आधार पर नैतिकता की बात करती है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि देश की जनता जानना चाहती है कि कथित चोरी किन परिस्थितियों में हुई और इसके लिए जिम्मेदार कौन है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा के लिए भगवान श्रीराम केवल चुनावी मुद्दा हैं और जवाबदेही तय करने का समय आने पर वह चुप क्यों हो जाती है।

राकेश सिन्हा ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के प्रतीक हैं, किसी एक राजनीतिक दल की जागीर नहीं। उन्होंने कहा कि जो लोग हर मुद्दे पर धार्मिक प्रमाणपत्र बांटते हैं, उन्हें पहले रामलला के चढ़ावे में कथित चोरी के मामले पर जवाब देना चाहिए।

कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाए कि इस मामले में किसी प्रकार का राजनीतिक संरक्षण तो नहीं मिला।