झारखंड सूचना आयोग को मिलेंगे चार नए सूचना आयुक्त, 1 जुलाई को राज्यपाल दिलाएंगे शपथ

Spread the love

रांची: झारखंड सूचना आयोग को जल्द ही चार नए सूचना आयुक्त मिलने जा रहे हैं। नव नियुक्त सूचना आयुक्त 1 जुलाई को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। उनके कार्यभार संभालने के बाद सूचना का अधिकार (RTI) अधिनियम से जुड़े लंबित मामलों के निपटारे में तेजी आने की उम्मीद है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह 1 जुलाई को सुबह 11:30 बजे रांची स्थित लोक भवन के दरबार हॉल में आयोजित होगा। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार चारों नव नियुक्त सूचना आयुक्तों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

शपथ लेने वाले नए सूचना आयुक्तों में अनुज कुमार सिन्हा, अमूल्य नीरज खलखो, शिव पूजन पाठक और तनुज खत्री शामिल हैं। शपथ ग्रहण के बाद सभी अपने-अपने पद का कार्यभार संभालेंगे।

राज्य के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने राज्यपाल की स्वीकृति मिलने के बाद इन नियुक्तियों की अधिसूचना पहले ही जारी कर दी थी। अब शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

राज्य सरकार का मानना है कि चार नए सूचना आयुक्तों की नियुक्ति से सूचना आयोग में लंबित द्वितीय अपीलों और शिकायतों के निष्पादन में तेजी आएगी। इससे सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत मामलों के त्वरित निपटारे में मदद मिलेगी और आम नागरिकों को समय पर न्याय मिल सकेगा।

सरकार ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं और प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।