रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान ने गति पकड़ ली है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) के. रवि कुमार ने बताया कि अभियान के पहले सात दिनों में बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) ने राज्य के लगभग 1.05 करोड़ मतदाताओं के घर-घर पहुंचकर इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराया है। यह संख्या राज्य के कुल मतदाताओं का लगभग 39.73 प्रतिशत है।


मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि इस अभियान में विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट-2 (BLA-2) भी सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। BLO और BLA-2 संयुक्त रूप से घर-घर जाकर मतदाताओं को फॉर्म उपलब्ध करा रहे हैं तथा उन्हें भरने में सहायता कर रहे हैं।
उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने BLA-2 को पूरी तरह सक्रिय रखें, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता तक समय पर फॉर्म पहुंच सके और मतदाता सूची के डिजिटलीकरण की प्रक्रिया भी सुचारु रूप से पूरी हो सके।
निर्वाचन विभाग के अनुसार, BLO द्वारा प्राप्त सभी फॉर्म का पहले सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद उन्हें ऑनलाइन अपलोड कर डिजिटलीकरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सभी दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद ही पात्र मतदाताओं की अंतिम सूची तैयार की जाएगी।
विभाग की कार्ययोजना के अनुसार संशोधित मतदाता सूची का नया प्रारूप 5 अगस्त को जारी किया जाएगा। निर्वाचन आयोग का उद्देश्य राज्य के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा सूची को पूरी तरह अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है।
निर्वाचन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे BLO के साथ सहयोग करें, समय पर फॉर्म भरें और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाएं।

