राहुल बच्चा हत्याकांड: मुख्य आरोपी साहेब सिंह पुलिस मुठभेड़ में घायल, पैर में लगी गोली

Spread the love

जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के चर्चित राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ शब्बे को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सिटी एसपी ने बताया कि 8 जुलाई की देर रात मानगो थाना क्षेत्र के मुंशी मोहल्ला मजार गली के पास राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की हत्या कर दी गई थी। मामले में मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ शब्बे, आफताब और सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली को पुलिस ने हिरासत में लिया था।

पुलिस के अनुसार, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए तीनों आरोपियों को रोड नंबर-14 स्थित जंगल क्षेत्र में ले जाया गया। इस दौरान आरोपियों के पास से एक लोडेड पिस्टल और एक खाली पिस्टल बरामद की गई।

पुलिस का दावा है कि इसी दौरान मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ शब्बे ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सब-इंस्पेक्टर संजय द्वारा चलाई गई गोली आरोपी के पैर में लगी। घायल आरोपी को तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

सिटी एसपी ने कहा कि आरोपी बेहद आक्रामक था और पुलिस टीम की सुरक्षा को गंभीर खतरा था। ऐसे में आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई आवश्यक थी। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।