जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र में गुरुवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक अनियंत्रित ट्रक सीधे कोटक महिंद्रा बैंक की शाखा में जा घुसा। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। दुर्घटना में बैंक के भवन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे बैंक को काफी नुकसान पहुंचा।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक तेज गति से आ रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे स्थित बैंक की इमारत से जा टकराया। हादसे के समय बैंक परिसर में मौजूद एटीएम गार्ड बाल-बाल बच गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रक कुछ और आगे बढ़ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
दुर्घटना में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद चालक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। उसकी हालत का इलाज जारी है। घटना के कारण कुछ समय तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया। बाद में क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त ट्रक को बैंक परिसर से हटाया गया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक का वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे का कारण माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

