5 साल पुराने सुसाइड केस में आदित्यपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फरार आरोपी गुड्डू सिंह गिरफ्तार

Spread the love

सरायकेला: आदित्यपुर पुलिस ने करीब पांच वर्ष पुराने चर्चित आत्महत्या मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे आरोपी गुड्डू कुमार उर्फ गुड्डू सिंह (40) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर की।

पुलिस के अनुसार कांड संख्या 280/2021 में आरोपी गुड्डू सिंह अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए जमालपुर स्थित सतवाहिनी क्षेत्र में छिपकर रह रहा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

यह मामला 13 अगस्त 2021 का है। मृतक के पिता के.वी.वी. राव (63), निवासी मोतीनगर, गम्हरिया ने आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके पुत्र के. सोमनाथ राव को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित किया गया।

पुलिस अनुसंधान के दौरान मृतक के हस्तलिखित सुसाइड नोट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की समीक्षा की गई। जांच में मामला भारतीय दंड संहिता की धारा 306/34 के तहत सही पाया गया। सुसाइड नोट में मृतक ने आरोपियों द्वारा मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का स्पष्ट उल्लेख किया था।

जांच में मुख्य आरोपी नागेंद्र प्रसाद सिंह, मालती देवी सहित कुल आठ लोगों के खिलाफ आरोप सही पाए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी गुड्डू सिंह को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद 9 जुलाई 2026 को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले के अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।