गिरीडीह: झारखंड के गिरीडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित अंबाटांड़ तालाब में गुरुवार को नहाने के दौरान आठ वर्षीय छात्र फरहान अंसारी की डूबने से मौत हो गई। फरहान झागड़ी गांव का रहने वाला था और दूसरी कक्षा का छात्र था।


जानकारी के अनुसार, फरहान अपने भाई-बहनों के साथ रोज की तरह स्कूल पहुंचा था। उसने अपना बैग कक्षा में रखा और चुपचाप दो अन्य बच्चों के साथ स्कूल से निकलकर अंबाटांड़ तालाब चला गया। तालाब में नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
स्थानीय लोगों ने बच्चे को तालाब से बाहर निकालकर तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण स्कूल पहुंच गए और बच्चों की निगरानी में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों का कहना है कि स्कूल परिसर में पहुंचने के बाद बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंधन की होती है। उनका आरोप है कि उपस्थिति और निगरानी की कमी के कारण बच्चा स्कूल से बाहर निकल गया।
स्कूल की शिक्षिका फरीदा खातून ने बताया कि घटना के समय वह विद्यालय में अकेली थीं, जबकि अन्य शिक्षक अवकाश पर थे। इसी कारण छात्र के स्कूल से बाहर जाने की जानकारी उन्हें नहीं मिल सकी।
सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने विद्यालयों में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, बच्चों की कड़ी निगरानी रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है। वहीं परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है।

