गुमला में मूसलाधार बारिश से कच्चा मकान ढहा, दंपति और 5 वर्षीय मासूम घायल

Spread the love

गुमला: जिले के चैनपुर प्रखंड के बसईर टोली में शुक्रवार देर रात लगातार हो रही बारिश के बीच एक बड़ा हादसा हो गया। भारी वर्षा के कारण एक कच्चा मिट्टी का मकान अचानक ढह गया। हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। मकान गिरने से दंपति और उनका पांच वर्षीय पुत्र मलबे में दबकर घायल हो गए।

घटना रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने मलबे से प्रस्तान रौतिया (55), उनकी पत्नी तेनी देवी (50) और पुत्र ऋतिक सिंह (5) को बाहर निकाला। इसके बाद तीनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में पांच वर्षीय ऋतिक सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी है, जबकि उसके माता-पिता भी घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर बंडोरा पंचायत के मुखिया सुशील दीपक मिंज मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया और तत्काल राहत के रूप में एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।

हादसे के बाद क्षेत्र में जर्जर और कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा, राहत सामग्री और स्थायी आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही लगातार बारिश के दौरान जर्जर मकानों में रहने से बचने और खराब मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की अपील भी की गई है।