साहिबगंज में 88.84 करोड़ की लागत से बनेगी नई सड़क, SH-18 से भोगनाडीह तक बेहतर होगी कनेक्टिविटी

Spread the love

रांची: झारखंड सरकार ने साहिबगंज जिले में SH-18 ADB रोड से भोगनाडीह तक 3.725 किलोमीटर लंबी नई सड़क के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर 88.84 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना के तहत सड़क निर्माण के साथ-साथ भूमि अधिग्रहण और वृक्षारोपण का कार्य भी किया जाएगा।

सरकारी योजना के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में परियोजना के 60 प्रतिशत कार्य पर 53 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। शेष 40 प्रतिशत निर्माण कार्य वित्तीय वर्ष 2027-28 में 35.84 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया जाएगा।

परियोजना का क्रियान्वयन पथ प्रमंडल, साहिबगंज के कार्यपालक अभियंता की देखरेख में किया जाएगा। वहीं, निर्माण कार्य की प्रगति की हर महीने मुख्य अभियंता द्वारा समीक्षा की जाएगी, ताकि परियोजना निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी हो सके।

सरकार का मानना है कि सड़क निर्माण पूरा होने के बाद गोपालाडीह और भोगनाडीह के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा। साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क मिलने से लोगों की आवाजाही आसान होगी और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।