पूर्वी सिंहभूम में ब्रेन मलेरिया का कहर जारी, 25 वर्षीय युवक की मौत, मृतकों की संख्या 9 पहुंची

Spread the love

पूर्वी सिंहभूम: जिले में ब्रेन मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पोटका प्रखंड से शुरू हुआ संक्रमण अब आसपास के क्षेत्रों में भी फैलने लगा है। इसी बीच माघागोड़ा क्षेत्र के 25 वर्षीय युवक की ब्रेन मलेरिया से मौत हो गई। इस मौत के साथ जिले में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है।

मृतक की पहचान ऋतिक सिंह (25) के रूप में हुई है, जो माघागोड़ा क्षेत्र के झरिया गांव का निवासी था। परिजनों के अनुसार, शुरुआत में उसका इलाज गालूडीह के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। इलाज के दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। उपचार का खर्च बढ़ने के कारण परिजन उसे जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल लेकर आए, जहां इमरजेंसी वार्ड में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक के भाई विकास सिंह ने बताया कि ऋतिक ब्रेन मलेरिया से पीड़ित था। चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ब्रेन मलेरिया का सबसे अधिक असर अब तक पोटका प्रखंड में देखा गया था, लेकिन अब माघागोड़ा सहित आसपास के इलाकों से भी संक्रमण के मामले सामने आने लगे हैं। लगातार हो रही मौतों से लोगों में भय का माहौल है।

ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाने, मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए दवा का छिड़काव करने तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही लोगों को समय पर जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है।