जमशेदपुर: जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित टिस्को वाटर टावर के पास शनिवार को सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सबसे पहले राहगीरों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी।


जानकारी मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया, लेकिन मृतक की जेब या उसके पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद नहीं हुआ। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही अन्य माध्यमों से भी उसकी पहचान सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

