पलामू में पारिवारिक विवाद के बाद युवक ने आत्महत्या का किया प्रयास, गंभीर हालत में MMCH रेफर

Spread the love

पलामू: पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत करमाहा टोला में सोमवार सुबह पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक ने आत्महत्या का प्रयास कर लिया। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में युवक को तत्काल चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, करमाहा टोला निवासी रविंद्र साटा के 25 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार का सोमवार सुबह किसी बात को लेकर परिवार के सदस्यों से विवाद हो गया। विवाद के बाद युवक ने आवेश में आकर आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे तुरंत चैनपुर सीएचसी लेकर पहुंचे।

अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं होने पर उसे मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) रेफर कर दिया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, युवक की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है।

घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल पुलिस चौकी के विकास कुमार मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।