जमशेदपुर: शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से सोमवार दोपहर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने सीसीआर साकची परिसर में टेंगो मोबाइल, पीसीआर, शक्ति कमांडो एवं क्विक रिस्पांस टीम (QRT) के जवानों की विशेष ब्रीफिंग की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक (सिटी), उपाधीक्षक सीसीआर, पुलिस निरीक्षक सीसीआर तथा साकची थाना प्रभारी भी मौजूद रहे।


एसएसपी ने सभी जवानों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शहर में नियमित और प्रभावी गश्त सुनिश्चित की जाए तथा सार्वजनिक स्थानों पर असामाजिक तत्वों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
ब्रीफिंग के दौरान अपराध नियंत्रण अभियान को और तेज करने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर विशेष नजर रखने तथा नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि गश्त के दौरान किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना मिलते ही संबंधित थाना प्रभारी और पुलिस कंट्रोल रूम को तत्काल अवगत कराया जाए, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
एसएसपी ने ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी। वहीं, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और जवानों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन करने की भी घोषणा की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में अपराध नियंत्रण, आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी, गश्त और अभियान लगातार जारी रहेंगे।

