लापता मामलों की निगरानी के लिए हर जिले में बनेगी स्थायी मॉनिटरिंग टीम, पुलिस मुख्यालय का आदेश

Spread the love

रांची: झारखंड पुलिस मुख्यालय ने राज्य में लापता और बरामद व्यक्तियों से जुड़े मामलों की प्रभावी निगरानी के लिए सभी जिलों में स्थायी मॉनिटरिंग टीम गठित करने का निर्देश जारी किया है। इस संबंध में राज्य के सभी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (SSP) और पुलिस अधीक्षकों (SP) को आदेश भेज दिया गया है।

जारी निर्देश के अनुसार प्रत्येक जिले में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में चार सदस्यीय मॉनिटरिंग टीम का गठन किया जाएगा। इस टीम में एक पुलिस निरीक्षक, सीआईडी का एक प्रतिनिधि तथा दो सहायक अवर निरीक्षक (एक पुरुष और एक महिला) शामिल होंगे।

मॉनिटरिंग टीम जिले में लापता और बरामद बच्चों एवं वयस्कों से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा करेगी तथा जांच की प्रगति पर लगातार नजर रखेगी। टीम प्रत्येक माह की 1 से 15 तारीख के बीच हुई कार्रवाई की समीक्षा कर 16 तारीख तक अपनी रिपोर्ट संबंधित पुलिस अधीक्षक को सौंपेगी।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक क्षेत्रीय पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) के माध्यम से प्रत्येक माह की 7 तारीख तक विस्तृत रिपोर्ट सीआईडी को भेजेंगे। रिपोर्ट में निर्धारित प्रारूप के अनुसार लापता और बरामद व्यक्तियों की संख्या, लंबित मामलों की स्थिति, दाखिल चार्जशीट, गिरफ्तारी तथा आरोपियों से संबंधित आंकड़ों की जानकारी देनी होगी।

पुलिस मुख्यालय का मानना है कि इस नई व्यवस्था से लापता व्यक्तियों से जुड़े मामलों की निगरानी अधिक प्रभावी होगी, जांच प्रक्रिया में तेजी आएगी और मामलों के समयबद्ध निष्पादन में मदद मिलेगी।