गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्टेशन रोड स्थित साईं नगर रोड नंबर-5 में मंगलवार सुबह एक बंद मकान में अचानक आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। घटना के समय पूरा परिवार घर से बाहर था। आग में घर के फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े, जरूरी दस्तावेज और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गए।


पीड़ित महादेव कुमार ने बताया कि वह अपने पूरे परिवार के साथ किसी आवश्यक कार्य से घर से बाहर गए हुए थे। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे जब वे वापस लौटे तो घर के अंदर से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। यह देखकर परिवार के होश उड़ गए। देखते ही देखते आग ने घर के अधिकांश हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
महादेव कुमार के अनुसार, वर्षों की मेहनत से जुटाए गए फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कपड़े और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज पूरी तरह जल गए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक घटना में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
परिवार ने आशंका जताई है कि इस घटना के पीछे किसी शरारती तत्व का हाथ हो सकता है। उनका कहना है कि घर पूरी तरह बंद था और प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट जैसी कोई स्थिति नहीं दिख रही है। ऐसे में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जानबूझकर आग लगाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग को जानकारी दी। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर का अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
पीड़ित परिवार ने आदित्यपुर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दे दी है और लिखित शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आग लगने के कारणों का पता लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

