जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित टुइलाडुंगरी इलाके में मंगलवार सुबह केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। रांची और पंजाब से पहुंची सीबीआई टीम ने एक घर पर करीब चार घंटे तक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान राजदीप सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए गोलमुरी थाना लाया गया।


सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला साइबर फ्रॉड से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी मिली है कि लाखों रुपये के संदिग्ध बैंक लेन-देन की जांच के सिलसिले में यह कार्रवाई की गई। हालांकि, इस संबंध में सीबीआई की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि या बयान जारी नहीं किया गया है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह रांची और पंजाब की संयुक्त सीबीआई टीम टुइलाडुंगरी के सरस्वती नगर क्षेत्र में पहुंची और संबंधित ठिकाने पर छापेमारी शुरू की। इस दौरान टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी जांच की। करीब चार घंटे तक चली कार्रवाई के बाद राजदीप सिंह को हिरासत में लिया गया।
फिलहाल राजदीप सिंह से गोलमुरी थाना में पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित साइबर फ्रॉड नेटवर्क में उसकी क्या भूमिका रही है और इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
सीबीआई की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि जांच अभी शुरुआती चरण में है और पूछताछ के बाद मामले में कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

