गम्हरिया प्रखंड कार्यालय में पति-पत्नी के विवाद से हंगामा, मारपीट के बाद जुटी भीड़

Spread the love

गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार को एक पारिवारिक विवाद को लेकर जमकर हंगामा हुआ। पति-पत्नी के बीच कहासुनी और मारपीट की घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे कुछ समय के लिए प्रखंड कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, अमित सेन और उनकी पत्नी पीहू सेन के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है। पीहू सेन को अपने पति पर दूसरी महिला से संबंध होने का संदेह था। बुधवार को उन्हें सूचना मिली कि उनके पति एक महिला के साथ गम्हरिया प्रखंड कार्यालय परिसर में मौजूद हैं। सूचना मिलने पर वह तुरंत वहां पहुंचीं और पति को दूसरी महिला के साथ देखकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देखते ही देखते बहस ने उग्र रूप ले लिया और पति-पत्नी के बीच मारपीट तथा तीखी नोकझोंक होने लगी। हंगामा बढ़ता देख प्रखंड कार्यालय के कर्मचारियों और वहां मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया। कर्मचारियों ने दोनों पक्षों को समझाकर कार्यालय परिसर के बाहर जाने को कहा, ताकि सरकारी कामकाज प्रभावित न हो। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और राहगीर भी मौके पर जमा हो गए।

पीहू सेन का आरोप है कि उन्होंने पहले भी अपने पति के व्यवहार की शिकायत की थी, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। उनका कहना है कि वह लंबे समय से पति के कथित संबंधों को लेकर परेशान थीं।

फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से नई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।