बोकारो पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का किया भंडाफोड़, 9 साइबर अपराधी गिरफ्तार

Spread the love

बोकारो: साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बोकारो पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। प्रतिबिंब (Pratibimb) ऐप से प्राप्त सूचना के आधार पर सेक्टर-12 और माराफारी थाना क्षेत्र में देर रात संयुक्त छापेमारी कर पुलिस ने नौ साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, बैंक दस्तावेज, डेबिट कार्ड और नकदी बरामद की गई है।

बोकारो पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर मुख्यालय डीएसपी के नेतृत्व में साइबर थाना, तकनीकी शाखा और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने सेक्टर-12 के रितुडीह राजेंद्र नगर स्थित बारी को-ऑपरेटिव और माराफारी थाना क्षेत्र में कार्रवाई की। इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 24/2026 दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने साइबर अपराध में संलिप्तता स्वीकार की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य खुद को बैंक अधिकारी या टूर एंड ट्रैवल्स एजेंट बताकर लोगों को झांसे में लेते थे और ऑनलाइन ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस को कुछ बैंक खातों में लाखों रुपये के लेनदेन की जानकारी भी मिली है, जिन्हें फिलहाल होल्ड कर जांच की जा रही है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 10 मोबाइल फोन, 9 सिम कार्ड, 18 बैंक पासबुक, 3 चेकबुक, 10 डेबिट कार्ड, 2 आधार कार्ड, 1 पैन कार्ड और 43,100 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में अधिकांश बिहार के पटना, नवादा और जमुई जिले के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी बोकारो के सेक्टर-3 का रहने वाला है।

पुलिस अब इस अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह ने झारखंड के अलावा अन्य राज्यों में भी साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं। बोकारो पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।