आदित्यपुर: रांची के होटवार केंद्रीय कारागार में बंद कुख्यात अपराधी कृष्णा गोप को उसके पिता अर्जुन गोप के निधन के बाद अंतिम दर्शन के लिए गुरुवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आदित्यपुर लाया गया। कृष्णा गोप पूर्वी सिंहभूम के आदित्यपुर स्थित माझी टोला (सालडीह बस्ती) का निवासी है।


पुलिस की विशेष निगरानी में होटवार जेल से लाए गए कृष्णा गोप को उसके पैतृक आवास ले जाया गया, जहां उसने अपने दिवंगत पिता को अंतिम श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे थे। पुलिस बल की मौजूदगी में कृष्णा गोप को घर ले जाया गया और अंतिम दर्शन के बाद दोबारा पुलिस अभिरक्षा में वापस ले लिया गया।
परिजनों के अनुसार, अर्जुन गोप का अंतिम संस्कार जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट पर किया जाएगा।
कृष्णा गोप वर्तमान में रांची के होटवार जेल में बंद है। उसका नाम दीपक मुंडा हत्याकांड, सुजय नदी हत्याकांड और बेंद्रा हत्याकांड समेत कई चर्चित आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। इसके अलावा उसके खिलाफ रंगदारी, बमबाजी और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले भी विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
पुलिस ने पूरे घटनाक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए और निर्धारित प्रक्रिया के तहत कृष्णा गोप को पुनः जेल अभिरक्षा में भेज दिया।

