जमशेदपुर: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित कागल नगर निवासी पीयूष कुमार सिंह की शुक्रवार सुबह डिमना लेक में डूबने से मौत हो गई। वह अपने छोटे भाई के साथ डिमना लेक घूमने गया था। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों भाई पहले डिमना लेक पहुंचकर तस्वीरें खींच रहे थे। इसके बाद पीयूष नहाने के लिए पानी में उतरा। नहाने के दौरान वह धीरे-धीरे गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। छोटे भाई और आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह पानी में लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने पीयूष कुमार सिंह का शव पानी से बाहर निकाला।
घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी डिमना लेक पहुंच गए। वहीं, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली तथा परिजनों से मुलाकात की।
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जलाशयों में नहाते समय विशेष सावधानी बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

