वर्षों पुराने कथित अपहरण मामले का खुलासा, महिला भोपाल से मिली सुरक्षित, बोली- अपनी मर्जी से छोड़ा था घर

Spread the love

पलामू: झारखंड के पलामू जिले में वर्षों पुराने कथित अपहरण मामले की पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। लंबे समय से लापता महिला मध्य प्रदेश के भोपाल से सकुशल बरामद हुई है। पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि उसका अपहरण नहीं हुआ था, बल्कि घरेलू प्रताड़ना से परेशान होकर वह अपनी इच्छा से घर छोड़कर चली गई थी।

महिला के लापता होने के बाद उंटारी रोड थाना क्षेत्र निवासी उसके पति प्रकाश ने तीन ग्रामीणों पर अपहरण का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। विश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल के पर्यवेक्षण में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल की मदद से जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान महिला की लोकेशन भोपाल के बरखेड़ी क्षेत्र में मिली, जिसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और उसे सकुशल वापस लेकर आई।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में महिला ने बताया कि वह अपनी मर्जी से घर छोड़कर गई थी। उसने आरोप लगाया कि उसका पति प्रकाश नशे की हालत में अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। महिला ने यह भी दावा किया कि उसके पति ने चार शादियां की हैं और उसकी दो अन्य पत्नियां बिहार में रहती हैं। महिला के अनुसार, घटना वाले दिन भी उसके साथ मारपीट की गई थी, जिसके बाद वह रातभर खेत में छिपी रही और अगले दिन ट्रेन से भोपाल चली गई।

महिला ने पुलिस को लिखित रूप से बताया है कि वह अब अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती। पुलिस महिला के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। समाचार लिखे जाने तक महिला द्वारा लगाए गए आरोपों पर संबंधित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।