जमशेदपुर: साकची टिनशेड बाजार में मारपीट और हंगामे के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मोहम्मद फहीम को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद देर रात पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर लेकर पहुंची, जहां उससे पीड़ित और अन्य दुकानदारों के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई गई। इस कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान मानगो निवासी मोहम्मद फहीम के रूप में हुई है। कार्रवाई के दौरान आरोपी को कमर में रस्सी बांधकर साकची टिनशेड बाजार लाया गया। यहां पीड़ित राकेश केशरी और मौजूद दुकानदारों के सामने उससे माफी मंगवाई गई। इस दौरान बाजार में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
कुछ दिन पहले साकची टिनशेड बाजार में राकेश केशरी और उनके कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने मोहम्मद फहीम को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस की इस कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि इस तरह की त्वरित कार्रवाई से बाजार में कानून-व्यवस्था मजबूत होती है और असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बनता है। फिलहाल साकची बाजार की स्थिति सामान्य बताई जा रही है, जबकि पुलिस पूरे मामले की आगे भी जांच कर रही है।

