आदित्यपुर में मतदाता सूची पुनरीक्षण पर अनियमितता का आरोप, भाजपा नेता ने सीओ से की उच्चस्तरीय जांच की मांग

Spread the love

आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य में कथित अनियमितताओं का मामला सामने आया है। भाजपा नेता विशु महतो ने शनिवार को गम्हरिया अंचल अधिकारी (सीओ) से मुलाकात कर लिखित शिकायत सौंपते हुए बीएलओ (BLO) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।

शिकायत पत्र में विशु महतो ने आरोप लगाया कि वार्ड संख्या-20 के मतदान केंद्र संख्या 138 और 139 पर तैनात बीएलओ निर्धारित नियमों के अनुसार कार्य नहीं कर रहे हैं। उनका कहना है कि घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन करने के बजाय वैध मतदाताओं के नाम “शिफ्टेड” बताकर मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इससे क्षेत्र के कई वास्तविक मतदाताओं के मतदान अधिकार पर खतरा उत्पन्न हो गया है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में बीएलओ की सहायता के लिए लगाए गए स्वयंसेवक अधिकांश बूथों से अनुपस्थित हैं। इससे बीएलओ पर कार्यभार बढ़ गया है और फॉर्म भरने की प्रक्रिया काफी धीमी हो गई है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में मतदाता सुबह से ही अपने दस्तावेजों के साथ विभिन्न केंद्रों पर कतार में खड़े होकर फॉर्म जमा कर रहे हैं।

भाजपा नेता ने मांग की कि संबंधित मतदान केंद्रों पर तत्काल जांच टीम भेजी जाए और यदि किसी वास्तविक मतदाता का नाम गलत तरीके से हटाया गया है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि फर्जी नाम हटाने की आड़ में वास्तविक मतदाताओं के नाम काटना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ गंभीर खिलवाड़ है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए गम्हरिया अंचल अधिकारी ने शिकायत की निष्पक्ष जांच कराने और जांच रिपोर्ट के आधार पर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।