जमशेदपुर: बिरसानगर थाना क्षेत्र के हुरलुंग स्थित पंचायत भवन के समीप सोमवार को हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान बिरसानगर जोन नंबर-10 निवासी 42 वर्षीय रंजीता कुमारी उपाध्याय के रूप में हुई है।


परिजनों के अनुसार, रंजीता कुमारी किसी कार्य से टाटा मोटर्स पावर कार्यालय जा रही थीं। इसी दौरान पंचायत भवन के पास तेज रफ्तार एक ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिर गईं, जिससे उनके सिर, हाथ और पैर में चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही बिरसानगर पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे के बाद महिला की स्कूटी ट्रक के नीचे फंस गई। दुर्घटना के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

