श्रीकृष्णा सिटी के निजी मार्ग पर कब्जे और भ्रामक बिक्री का आरोप, प्रोजेक्ट निदेशक ने कार्रवाई की चेतावनी दी

Spread the love

सरायकेला: असंगी स्थित श्रीकृष्णा सिटी प्रोजेक्ट के निजी मार्ग को सार्वजनिक रास्ता बताकर बाहरी लोगों को भूखंड बेचने और गुमराह करने का आरोप लगाते हुए प्रियदर्शिनी होम्स के निदेशक संजय कुमार मोहंती ने इसका विरोध करने की घोषणा की है। सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने परियोजना से जुड़े भूमि रैयतों के साथ पूरे मामले की जानकारी साझा की।

संजय मोहंती ने बताया कि प्रियदर्शिनी होम्स का श्रीकृष्णा सिटी प्रोजेक्ट मौजा-असंगी, थाना आरआईटी, वार्ड संख्या 25 (वर्तमान) क्षेत्र में स्थित है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2010-11 में उन्होंने संबंधित रैयतों से विधिवत भूमि की खरीद की थी और उसी भूमि पर परियोजना विकसित की गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों से कुछ लोगों ने श्रीकृष्णा सिटी के मुख्य प्रवेश द्वार पर विवाद उत्पन्न करने का प्रयास किया तथा पुलिस और मीडिया को गलत जानकारी देकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की।

संजय मोहंती के अनुसार, मुख्य सरकारी सड़क से श्रीकृष्णा सिटी के मुख्य गेट तक जाने वाला मार्ग उनकी निजी संपत्ति है, जिसे उन्होंने रैयतों से खरीदा है। उन्होंने बताया कि मार्ग के समीप खाता संख्या 343 एवं प्लॉट संख्या 488 की सरकारी भूमि अवश्य है, लेकिन उसकी सीमा निर्धारित है और उसका उनकी निजी सड़क से कोई संबंध नहीं है।

उन्होंने कहा कि श्रीकृष्णा सिटी, वास्तु विहार और नंदन गार्डन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुख्य प्रवेश द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उनका आरोप है कि कुछ कथित बिल्डर और असामाजिक तत्व इस निजी मार्ग को सार्वजनिक रास्ता बताकर लोगों को भूखंड बेच रहे हैं, जबकि उन भूखंडों तक पहुंचने का वैध मार्ग उपलब्ध नहीं है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अपने ग्राहकों और परियोजना के हितों की रक्षा के लिए किसी अन्य बिल्डर या उसके ग्राहकों को उनकी निजी सड़क का उपयोग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी, क्योंकि यह उनकी निजी संपत्ति है।

प्रेसवार्ता में रैयत तीर्थो प्रधान, अशोक प्रधान, पंकज प्रधान, परमेश्वर प्रधान, सुजीत प्रधान, मनोहर प्रधान, सत्य प्रधान, आलोक कैवर्त, माधव प्रधान सहित अन्य लोग उपस्थित थे।