एसएम स्टील पावर प्लांट के समर्थन में बैठक के बाद वायरल वीडियो से तनाव, प्रशासन से जांच की मांग

Spread the love

सरायकेला: नीमडीह थाना क्षेत्र के आड़डीह स्थित एक पेट्रोल पंप परिसर में एसएम स्टील पावर प्लांट के समर्थन में आयोजित बैठक के बाद सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। वीडियो में बैठक के दौरान सुखराम हेंब्रम कथित तौर पर सार्वजनिक मंच से ‘सेंदरा’ करने की चेतावनी देते हुए दिखाई और सुनाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं कंपनी प्रबंधन के प्रतिनिधियों की भी मौजूदगी थी।

वीडियो सामने आने के बाद आसपास के गांवों में चिंता और असंतोष का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वीडियो की सत्यता की जांच कराने तथा पूरे मामले में प्रशासन के हस्तक्षेप की मांग की है।

वायरल वीडियो में सुखराम हेंब्रम बैठक के दौरान आक्रोशित होकर कथित रूप से सेंदरा की बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं। सेंदरा आदिवासी समुदाय की एक पारंपरिक शिकार परंपरा है, लेकिन सार्वजनिक मंच से दिए गए कथित बयान को लेकर क्षेत्र में अलग-अलग तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद कई गांवों में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में इस प्रकार के कथित बयान शांति एवं सौहार्द के लिए उचित नहीं हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से वायरल वीडियो की सत्यता की जांच करने तथा आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।