नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के 32 छात्रों का टाटा कमिन्स में चयन, ₹2.4 लाख वार्षिक पैकेज पर अप्रेंटिसशिप

Spread the love

जमशेदपुर: नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के डिप्लोमा (मैकेनिकल एवं इलेक्ट्रिकल) के 32 विद्यार्थियों का चयन टाटा कमिन्स प्राइवेट लिमिटेड, जमशेदपुर में अप्रेंटिसशिप के लिए हुआ है। चयनित विद्यार्थियों को ₹2.4 लाख वार्षिक सीटीसी का पैकेज मिलेगा।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को उद्योगों की आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है। उन्होंने कहा कि टाटा कमिन्स जैसी प्रतिष्ठित कंपनी में चयन विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और व्यावहारिक प्रशिक्षण का प्रमाण है।

कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रभात कुमार पाणि ने कहा कि एक साथ 32 विद्यार्थियों का चयन विश्वविद्यालय और संकाय सदस्यों के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सेल ने तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ सॉफ्ट स्किल्स, एप्टीट्यूड और इंटरव्यू तैयारी पर विशेष ध्यान दिया, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है।

विश्वविद्यालय प्रबंधन ने कहा कि आने वाले समय में कोर इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, फार्मेसी, आईटी और बेसिक साइंस के विद्यार्थियों के लिए भी देश-विदेश की अग्रणी कंपनियों के साथ कैंपस प्लेसमेंट अभियान आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को बेहतर करियर अवसर मिल सकें।