जमशेदपुर भाजपा में संगठनात्मक नियुक्तियों पर बढ़ा असंतोष, 23 जुलाई की बैठक पर टिकी सबकी नजर

Spread the love

जमशेदपुर: जमशेदपुर महानगर भाजपा में संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। मंडल अध्यक्षों और नई समितियों के गठन को लेकर कई मंडलों के कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई है। बागबेड़ा, परसुडीह, बिरसानगर, कदमा और पारडीह मंडलों में नियुक्तियों को लेकर विरोध की आवाजें उठी हैं। इस बीच संगठन में समन्वय स्थापित करने के लिए 23 जुलाई को पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है।

कार्यकर्ताओं का आरोप है कि लंबे समय से संगठन में सक्रिय नेताओं की उपेक्षा की गई है, जबकि कुछ स्थानों पर दूसरे दलों से आए लोगों को जिम्मेदारी दिए जाने पर भी सवाल उठ रहे हैं। उम्र सीमा, सामाजिक संतुलन और स्थानीय कार्यकर्ताओं की भागीदारी जैसे मुद्दों को लेकर भी विवाद गहराया है।

बिरसानगर मंडल में नियुक्तियों को लेकर विरोध की शिकायत पुलिस तक पहुंचने की बात सामने आई है, जबकि बागबेड़ा और परसुडीह में भी संगठन के भीतर अलग-अलग गुट सक्रिय होने की चर्चा है। कदमा और पारडीह मंडलों में नई समितियों के गठन को लेकर सहमति बनाने के प्रयास जारी हैं।

23 जुलाई की बैठक में रघुवर दास, राज्य उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बैठक में संगठनात्मक विवाद, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और लंबित मंडल समितियों के गठन पर चर्चा होने की संभावना है। हालांकि, इस पूरे मामले पर भाजपा की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।