सरायकेला: बोलायडीह में हुए चर्चित जगरनाथ गोप हत्याकांड में आदित्यपुर पुलिस को एक और सफलता मिली है। फरार चल रहे आरोपी शिबू गोप को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।


आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि आदित्यपुर थाना कांड संख्या 196/26, दिनांक 18 जुलाई 2026, में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(2), 61(2) और 34 के तहत दर्ज मामले में शेष बचे नामजद आरोपी शिबू गोप (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी गम्हरिया थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर का निवासी है।
पुलिस के अनुसार 18 जुलाई को बोलायडीह में हुए हत्याकांड के बाद शिबू गोप फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे दबोच लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि इससे पहले इसी मामले में चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यदि अन्य किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

