जमशेदपुर: गोविंदपुर थाना क्षेत्र के पटेल नगर रोड नंबर-4 में बुधवार सुबह घरेलू विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि विवाद के दौरान पत्नी संगीता देवी ने अपने पति सरोज कुमार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।


हमले में सरोज कुमार के हाथ में गहरा जख्म हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उनके हाथ में 15 टांके लगाए। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच किसी घरेलू मुद्दे को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और हिंसक रूप ले लिया। इसी दौरान धारदार हथियार से हमला किए जाने का आरोप लगाया गया।
घटना के बाद घायल सरोज कुमार गोविंदपुर थाना पहुंचे और अपनी पत्नी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

