27 जुलाई से 10 अगस्त तक टाटानगर की जगह आदित्यपुर से चलेंगी चार पैसेंजर ट्रेनें

Spread the love

जमशेदपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल ने परिचालन व्यवस्था के तहत चार पैसेंजर ट्रेनों के टर्मिनल स्टेशन में अस्थायी बदलाव किया है। रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 27 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक ये ट्रेनें टाटानगर स्टेशन के बजाय आदित्यपुर स्टेशन से संचालित होंगी। इसकी जानकारी चक्रधरपुर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सह वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने दी है।

रेलवे के अनुसार, इस अवधि में संबंधित ट्रेनों का प्रारंभिक और अंतिम स्टेशन टाटानगर के स्थान पर आदित्यपुर रहेगा। यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के संशोधित स्टेशन और समय की जानकारी लेने की अपील की गई है।

बदलाव के तहत ट्रेन संख्या 68004 गुवा–टाटानगर अब गुवा–आदित्यपुर के बीच चलेगी और रात 10:45 बजे आदित्यपुर पहुंचेगी। वहीं 68019 टाटानगर–गुवा अब आदित्यपुर–गुवा के बीच संचालित होगी और सुबह 7:40 बजे आदित्यपुर से रवाना होगी।

इसी प्रकार 68020 गुवा–टाटानगर अब गुवा–आदित्यपुर के बीच चलेगी और शाम 7:15 बजे आदित्यपुर पहुंचेगी। जबकि 68009 टाटानगर–चक्रधरपुर अब आदित्यपुर–चक्रधरपुर के बीच संचालित होगी तथा शाम 7:45 बजे आदित्यपुर से प्रस्थान करेगी।

रेलवे ने यात्रियों से संशोधित व्यवस्था की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।