लातेहार: लातेहार पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के नाम पर ठेकेदारों से लेवी वसूलने पहुंचे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त अभियान के दौरान पुलिस ने उनके पास से एक देसी पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक चोरी की बाइक बरामद की है।


पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि बिना नंबर की बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक बालूमाथ और बरियातू थाना क्षेत्र में किसी घटना को अंजाम देने पहुंचे हैं। सूचना के आधार पर बालूमाथ और बरियातू थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। मकियातान पुलिस पिकेट के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय सिंह उर्फ डिम्पू उर्फ भीम सिंह (निवासी पेशरार, लोहरदगा) और शहजाद अंसारी (निवासी कुडू) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पीएलएफआई कमांडर बादल उर्फ पवन के निर्देश पर क्षेत्र के ठेकेदारों से लेवी वसूलने और दहशत फैलाने आए थे।
इस मामले में बालूमाथ थाना कांड संख्या 89/2026 दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। अभियान में एसडीपीओ उमेश प्रसाद, बालूमाथ थाना प्रभारी, बरियातू थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे।

