रांची: राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में बिग बास्केट कार्यालय से युवक के अपहरण कर 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले का पुलिस ने महज दो घंटे में खुलासा कर दिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया और घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अपहरण में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त कर लिया गया है।


डोरंडा थाना क्षेत्र के गौरी शंकर नगर निवासी महेंद्र दुबे ने प्राथमिकी दर्ज कर बताया कि 22 जुलाई की रात करीब 10:11 बजे उनकी पत्नी के मोबाइल पर कॉल आया। कॉल करने वाले ने बताया कि बिग बास्केट कार्यालय से अमन का अपहरण कर लिया गया है और उसकी रिहाई के बदले 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी। आरोपियों ने पैसे नहीं देने पर युवक की हत्या करने की धमकी भी दी।
शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों का पीछा शुरू किया। लगातार लोकेशन बदलने के बावजूद पुलिस ने रिंग रोड के पास घेराबंदी कर स्कॉर्पियो को रोक लिया। कार्रवाई के दौरान अपहृत अमन को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने मौके से आयुष, शुभम और यार्थ को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पहले भी मारपीट और हत्या जैसे मामलों में जेल जा चुके हैं। प्राथमिकी में आयुष, शुभम, यार्थ, प्रिंस तथा चार अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।

