पलामू: झारखंड के पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड स्थित खामडीह और पूर्णाडीह क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाले ग्रेफाइट के विशाल भंडार की पुष्टि होने से राज्य के खनन क्षेत्र को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। भू-वैज्ञानिक जांच में यहां लगभग 1.2 करोड़ टन (12 मिलियन टन) ग्रेफाइट के भंडार का पता चला है। इसे पलामू क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी ग्रेफाइट खोज माना जा रहा है।


खनन एवं भू-तत्व विभाग के अनुसार यहां मिले ग्रेफाइट की गुणवत्ता काफी बेहतर है। अधिकारियों ने बताया कि इसका ग्रेड लगभग 7.7 पाया गया है। प्रारंभिक ड्रिलिंग, विस्तृत सर्वे, डीजीपीएस मैपिंग और सीमांकन का कार्य पूरा हो चुका है। अब तकनीकी मूल्यांकन के बाद केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार इसकी नीलामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
ग्रेफाइट भंडार की पुष्टि के बाद स्थानीय ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। लोगों का मानना है कि खनन शुरू होने से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और वर्षों से जारी पलायन की समस्या में कमी आएगी। जनप्रतिनिधियों का भी कहना है कि इससे क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
विशेषज्ञों के अनुसार ग्रेफाइट आज लिथियम-आयन बैटरी, इलेक्ट्रिक वाहन, परमाणु ऊर्जा और आधुनिक उद्योगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण खनिज है। विभाग का मानना है कि भविष्य में इसी तरह के और भंडार मिलने पर पलामू देश के प्रमुख ग्रेफाइट उत्पादन केंद्रों में शामिल हो सकता है।

