एसएसपी ने सीतारामडेरा और सिदगोड़ा थाना का किया औचक निरीक्षण, अवैध कारोबार पर सख्ती के निर्देश

Spread the love

जमशेदपुर: शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने गुरुवार देर रात सीतारामडेरा एवं सिदगोड़ा थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों थानों के थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने रात्रि गश्ती व्यवस्था की समीक्षा करते हुए टैंगो मोबाइल, पीसीआर वाहन और थाना गश्ती दल को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए, जहां अड्डेबाजी होती हो या संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों के जुटने की संभावना रहती है। पुलिस टीम को नियमित रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने थाना प्रभारियों को क्षेत्र में चल रहे अवैध जुआ, लॉटरी और ड्रग्स के कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि अपराध नियंत्रण और आम जनता की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को सक्रिय रहकर अपने-अपने क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।