सरायकेला: उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला परिवहन कार्यालय, सरायकेला-खरसावां द्वारा प्रखंडवार आयोजित किए जा रहे लर्नर लाइसेंस शिविरों के तहत गुरुवार को नीमडीह प्रखंड के बामनी उच्च विद्यालय परिसर में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में केतुंगा पंचायत के उन अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिन्होंने पूर्व में ऑनलाइन स्लॉट बुक कराया था।


शिविर के दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन, ऑनलाइन आवेदन की जांच तथा निर्धारित नियमों के अनुरूप लर्नर लाइसेंस परीक्षा आयोजित की गई। जिला परिवहन कार्यालय के अनुसार शिविर के लिए कुल 159 अभ्यर्थियों का स्लॉट निर्धारित था। इनमें 106 अभ्यर्थी परीक्षा में सफल, 22 असफल तथा 31 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में सफल सभी अभ्यर्थियों को लर्नर लाइसेंस उपलब्ध कराया गया।
शिविर के दौरान मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) के साथ प्रखंड प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों को उनके क्षेत्र में ही लर्नर लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध कराना तथा आवेदन प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाना है।
उन्होंने लोगों से परिवहन विभाग की ऑनलाइन सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग करने, समय पर स्लॉट बुकिंग कराने तथा वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ वाहन चलाने की अपील की। साथ ही दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन कर सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की गई।

