भर्ती परीक्षा विवाद पर जमशेदपुर में भाजपा का प्रदर्शन, राहुल गांधी का पुतला फूंका

Spread the love

जमशेदपुर: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं को लेकर जारी विवाद के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को राज्यव्यापी आंदोलन के तहत जमशेदपुर में प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला दहन कर भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर कांग्रेस दोहरा रवैया अपना रही है। उनका कहना था कि जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल और उत्पाद सिपाही भर्ती जैसी परीक्षाओं को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं, लेकिन राज्य सरकार और कांग्रेस इस पर स्पष्ट जवाब देने से बच रही है।

भाजपा नेताओं ने मांग की कि भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराई जाए, चयन प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए और किसी भी स्तर पर अनियमितता पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।

इस दौरान नेताओं ने रांची स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर हुई पत्थरबाजी की घटना की भी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया। भाजपा का कहना है कि केंद्र सरकार पेपर लीक जैसी घटनाओं पर कठोर कानून लाने की दिशा में कदम उठा रही है, जबकि विपक्ष युवाओं के मुद्दों का राजनीतिकरण कर उन्हें भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है।