रांची: संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी झारखंड में व्यापक जनसंपर्क एवं सामाजिक समरसता अभियान चलाएगी। प्रदेश भाजपा ने घोषणा की है कि 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक पूरे राज्य में ‘समरसता संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना तथा सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करना है।


इस संबंध में शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक एवं कार्यशाला आयोजित की गई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री करमवीर सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
बैठक के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि यह कार्यक्रम भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर देशभर में चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि संत रविदास के सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना इसका मुख्य उद्देश्य है।
अभियान के तहत संत रविदास की जन्मस्थली काशी (वाराणसी) से पवित्र मिट्टी लाई जाएगी। भाजपा का विशेष प्रतिनिधिमंडल काशी जाएगा और लौटते समय गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा होते हुए 29 जुलाई को रांची पहुंचेगा। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित होंगे। पार्टी ने बताया कि पवित्र मिट्टी राज्य के प्रमुख मंदिरों तक पहुंचाई जाएगी तथा दीपोत्सव एवं सामाजिक-धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

