जमशेदपुर: टाटा स्टील के भूमि प्रबंधन विभाग ने मंगलवार को कदमा क्षेत्र में लीज भूमि पर किए गए अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध ढांचे को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई कदमा गोलचक्कर से आगे अनिल सूरपथ जाने वाले मार्ग पर की गई। अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की गई।


बताया गया कि इसी स्थान पर सोमवार को भी अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया गया था, लेकिन स्थानीय विवाद के कारण कार्रवाई बीच में रोकनी पड़ी थी। मंगलवार को प्रशासनिक सहयोग और सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोबारा अभियान चलाया गया, जिसके बाद अवैध निर्माण को पूरी तरह हटा दिया गया।
अभियान के दौरान टाटा स्टील के भूमि प्रबंधन विभाग के अधिकारी, सुरक्षा कर्मी और अन्य संबंधित कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
टाटा स्टील ने स्पष्ट किया है कि कंपनी अपनी लीज भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए लगातार अभियान चला रही है। कंपनी के अनुसार, लीज क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी नियमों के अनुसार ऐसे मामलों में कार्रवाई जारी रहेगी।

