कोडरमा: मरकच्चो में जंगली हाथियों का उत्पात, स्कूल का गेट तोड़ा और मिड-डे मील का सामान खाया

Spread the love

कोडरमा: जिले के मरकच्चो प्रखंड स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय अंबाडीह में सोमवार रात जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने स्कूल परिसर में घुसकर गेट और कमरों के दरवाजों को नुकसान पहुंचाया। इस घटना से विद्यालय को काफी क्षति हुई है। वहीं, हाथियों ने स्कूल में रखे मिड-डे मील के चावल और अन्य खाद्य सामग्री को भी खा लिया।

जानकारी के अनुसार, मरकच्चो प्रखंड की पपलो पंचायत स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय अंबाडीह में सोमवार रात हाथियों का झुंड पहुंचा। सबसे पहले हाथियों ने स्कूल की चहारदीवारी का गेट तोड़ा और इसके बाद चार कमरों के लोहे के दरवाजों को क्षतिग्रस्त कर दिया।

स्कूल के कमरों में रखे मध्याह्न भोजन के चावल और अन्य सामान को भी हाथियों ने नुकसान पहुंचाया। काफी देर तक परिसर में रहने के बाद जाते समय हाथियों ने चहारदीवारी के कुछ हिस्से को भी तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से हाथियों के झुंड को आबादी वाले क्षेत्र से हटाकर जंगल की ओर भेजा गया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।

मंगलवार सुबह प्रभारी प्रधानाध्यापक राजू यादव, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य और ग्रामीणों ने स्कूल पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों का झुंड पिछले कई दिनों से क्षेत्र में घूम रहा है और किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचा रहा है।

ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने के लिए ठोस कदम उठाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं, प्रधानाध्यापक ने स्कूल को हुए नुकसान के मुआवजे की मांग की है।