हजारीबाग: IG शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने की अपराध नियंत्रण की समीक्षा, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

Spread the love

हजारीबाग: उत्तर छोटानागपुर क्षेत्र, बोकारो के पुलिस महानिरीक्षक (IG) शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने हजारीबाग पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक में लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, महिला अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई, नक्सली गतिविधियों और मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी और विभिन्न मामलों के अनुसंधानकर्ता मौजूद रहे। IG ने पिछले छह महीनों में दर्ज महत्वपूर्ण आपराधिक मामलों की समीक्षा की और जांच प्रक्रिया में तेजी लाने के साथ समय सीमा के अंदर मामलों के निष्पादन का निर्देश दिया।

महिला अपराध और एससी-एसटी से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए IG ने निर्देश दिया कि लंबित महिला अपराध के मामलों का निष्पादन 60 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए। वहीं, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति से जुड़े मामलों की भी जल्द समीक्षा कर कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक में लंबित नक्सली मामलों की भी समीक्षा की गई। संवेदनशील मामलों में गंभीरता से अनुसंधान कर जल्द निष्पादन का निर्देश दिया गया।

IG ने नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री में शामिल गिरोहों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और संगठित अपराध में शामिल अपराधियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

उन्होंने थाना प्रभारियों को जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनने और त्वरित समाधान करने को कहा। बैठक में DIG अंजनी कुमार झा, SP अमन कुमार सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।