जमशेदपुर: जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र में देरी पर MGM अस्पताल में हंगामा, आवेदकों ने किया विरोध प्रदर्शन

Spread the love

जमशेदपुर: शहर के एमजीएम अस्पताल के जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र अनुभाग में मंगलवार को प्रमाण पत्र जारी करने में हो रही देरी को लेकर जमकर हंगामा हुआ। लंबे समय से प्रमाण पत्र का इंतजार कर रहे आवेदकों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने काउंटर पर मौजूद कर्मचारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर सुरक्षा कर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। बाद में अस्पताल के उपाधीक्षक मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराया।

आवेदकों ने आरोप लगाया कि महीनों और वर्षों से कार्यालय के चक्कर लगाने के बावजूद उनके प्रमाण पत्र नहीं बनाए जा रहे हैं। सोनारी निवासी सुरबाला देवी ने बताया कि वह अपने बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पिछले दो वर्षों से लगातार प्रयास कर रही हैं। वहीं, मृतक मुतुक महतो के परिजनों का कहना है कि 15 जनवरी को मृत्यु होने के बावजूद अब तक मृत्यु प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आवेदन पत्र भरने में सहायता मांगने पर कर्मचारी द्वारा सहयोग नहीं किए जाने से विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद अन्य आवेदक भी विरोध में शामिल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंचे अस्पताल के उपाधीक्षक ने संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाई और लंबित प्रमाण पत्रों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, अप्रैल के बाद प्राप्त आवेदनों का तेजी से निपटारा किया जा रहा है, लेकिन छह महीने या उससे अधिक समय से लंबित पुराने मामलों के निष्पादन में तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं के कारण अभी भी देरी हो रही है।